ऋषिकेश। मुनि की रेती थाना क्षेत्र में एक दुखद सड़क दुर्घटना में दरोगा विनोद कुमार शर्मा का निधन हो गया। ड्यूटी पूरी कर लौटते समय उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीपोखरी निवासी दरोगा विनोद कुमार शर्मा बीती रात थाना मुनि की रेती से ड्यूटी पूरी कर अपने वाहन से शिवपुरी चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को काफी देर बाद मिल सकी।सूचना मिलते ही पुलिस एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद दरोगा विनोद कुमार शर्मा का शव खाई से बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।विनोद कुमार शर्मा पूर्व में भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। वह ढालवाला एवं कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासित कार्यशैली और सौम्य व्यवहार के कारण दरोगा विनोद कुमार शर्मा पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन के बीच काफी सम्मानित और लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
