काशीपुर। काशीपुर नगर क्षेत्र में त्योहारी सीजन शुरू होते ही खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों को लेकर खाद्य विभाग सक्रिय हो गया है। शिकायत मिलते ही सीनियर फूड सेफ्रटी ऑफिसर अपर्णा शाह के नेतृत्व में टीम ने काशीपुर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया। टीम ने रामनगर रोड स्थित चाय चूरी प्रतिष्ठान पर पहुंचकर खाद्य सामग्री की जांच की और खुले पनीर का सैंपल लिया। इसके बाद महेशपुरा क्षेत्र में शनि की दुकान से खुली चायपत्ती तथा अशोक की दुकान से कैचअप का नमूना लिया गया। टीम ने खाद्य पदार्थों के रखरखाव और गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हलचल मच गई। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग की कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लिए गए सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। वरहाल, प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। यदि किसी नमूने में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी प्रतिष्ठान या खाद्य पदार्थ को मिलावटी घोषित नहीं किया गया है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
