बागेश्वर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सीमांत पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान, आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए विद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान और वैज्ञानिक सोच से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। इसके लिए प्रदेश के विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाओं को एआई तकनीक से जोड़ने के साथ ही प्रत्येक विकासखंड में एक-एक लैब ऑन व्हील्स स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। प्रदेश के सभी जिलों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा विकसित करने और नए प्रयोग करने के अवसर मिल सकेंगे। शुक्रवार को बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकास्ट) के तत्वावधान में आयोजित पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं। महोत्सव में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के कुल 240 चयनित बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से सीमांत पर्वतीय जनपदों के विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित करने और वैज्ञानिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महोत्सव में शामिल विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं के उत्तर दिए। उन्होंने बच्चों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, सवाल पूछने, नई चीजों को समझने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रदेश सरकार की इन पहलों का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा की पहुंच बढ़ाना तथा उन्हें एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे क्षेत्रों से जोड़ना है। विज्ञान प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण, लैब ऑन व्हील्स की स्थापना और जिला स्तर पर विज्ञान एवं नवाचार केंद्र विकसित करने की योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने और अपनी वैज्ञानिक क्षमताओं को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
