उत्तराखंड सरकार राज्य की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और अहम पहल करने जा रही है। अब बेटियों को शेफ (होटल मैनेजमेंट) की पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप और फेलोशिप दी जाएगी।इसकी घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित श्रीअन्न आधारित ‘शेफ संवाद’ कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से की।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों को होटल मैनेजमेंट, कुकरी आर्ट्स और शेफ से जुड़ी प्रोफेशनल पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग देगी, ताकि वे इस क्षेत्र में प्रशिक्षण लेकर देश और विदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। इसके लिए पर्यटन विभाग और कौशल विकास विभाग के साथ मिलकर जल्द ही एक एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन राज्य की सांस्कृतिक पहचान हैं, जिन्हें लोकल से ग्लोबल स्तर तक ले जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि श्रीअन्न (मिलेट्स) आधारित व्यंजन आज पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहे हैं और उत्तराखंड के युवा शेफ इस क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान युवा शेफ और छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री से पारंपरिक व्यंजनों के प्रचार, गुणवत्ता मानकों, रोजगार और करियर की संभावनाओं को लेकर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रश्नों के उत्तर देते हुए सरकार की योजनाओं और भविष्य की रणनीति की जानकारी दी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
