देहरादून। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े घोटाले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड्स (डिप्टी कमांडेंट/डीआईजी) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए हैं। यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए की गई वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से जुड़ा है, जिसमें टेंडर प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव, नियमों के उल्लंघन और प्रक्रियात्मक खामियों का उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय अधिकारी पर तत्काल कार्रवाई करते हुए यह स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकारी धन के दुरुपयोग और अनियमितताओं में शामिल अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषी पाए जाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी नीति के तहत एक और बड़ा कदम माना जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
