देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों, धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण, शिक्षा, पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए करीब 135 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री द्वारा जारी की गई इन स्वीकृतियों को राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग समयबद्ध, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच सके।शिक्षा क्षेत्र में सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 की द्वितीय किस्त के रूप में 84.89 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में निर्माणाधीन पर्वतीय विकास भवन के शेष कार्यों के लिए 79.87 लाख रुपये तथा खटीमा में शहीद स्थल पर शेड निर्माण के लिए 20.41 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। वहीं टिहरी गढ़वाल के धनोल्टी क्षेत्र स्थित ग्राम विराड़ में नाग देवता मंदिर के निर्माण एवं सुंदरीकरण के लिए 49.86 लाख रुपये तथा देवप्रयाग क्षेत्र के सूर्य देवी मंदिर पलेठी बनगढ़ के सुंदरीकरण के लिए 98.59 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र स्थित दांतू गांव में ऐतिहासिक भवनों के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कार्यों के लिए 35 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।प्रशासनिक और संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के व्यय हेतु 2.75 करोड़ रुपये तथा उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के लिए 7.57 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही पुलिस विभाग के विभिन्न अधिष्ठानों के लिए बजट प्रावधान के सापेक्ष 50 प्रतिशत राशि के रूप में 35.74 करोड़ रुपये जारी करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं होमगार्ड्स विभाग के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया है।इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल जिले में मोलन-खंडाह-भिंताई मोटर मार्ग का नाम शहीद कमल सिंह नेगी के नाम पर रखे जाने को भी मंजूरी प्रदान की है। सरकार के इस निर्णय को शहीदों के सम्मान और उनके योगदान को याद रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण तथा जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
