देहरादून। कर्णप्रयाग में पार्किंग विवाद के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की। मुख्यमंत्री ने शुरुआत से ही स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने पर जोर दिया और सभी पक्षों के साथ संवाद कायम रखा।बताया गया कि मुख्यमंत्री धामी ने एक ओर सिख समुदाय के प्रतिनिधिमंडल, पंजाब सरकार और अकाल तख्त साहिब के प्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखा, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कानून व्यवस्था पर लगातार नजर रखी।मुख्यमंत्री का प्रमुख उद्देश्य चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा को किसी भी प्रकार की बाधा से बचाते हुए प्रदेश में शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखना रहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से समझौता न किया जाए।विवाद के शुरुआती दौर में स्थिति के और अधिक तनावपूर्ण होने की आशंका जताई जा रही थी। उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर निहंगों की आवाजाही और संभावित टकराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग करते रहे और समय-समय पर आवश्यक निर्णय लेते रहे।सरकार के प्रयासों और प्रशासनिक सतर्कता के चलते स्थिति को नियंत्रण में रखा गया तथा संवाद के माध्यम से तनाव कम करने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए, जिससे प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सफलता मिली।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
