देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब परीक्षा केंद्र खोजने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। राज्य लोक सेवा आयोग ने परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से नया परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम (Exam Centre Management System) तैयार किया है। नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) पर क्यूआर (QR) कोड उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे स्कैन करते ही परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन मोबाइल पर दिखाई दे जाएगी। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी और समय की भी बचत होगी। इसके साथ ही दोनों आयोगों के लिए परीक्षा केंद्रों का चयन भी पहले की तुलना में अधिक सरल और व्यवस्थित हो जाएगा। नए पोर्टल पर परीक्षा केंद्रों का केवल एक बार पंजीकरण किया जाएगा, जिसके बाद प्रत्येक भर्ती परीक्षा के लिए दोबारा पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों का वर्गीकरण उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा, जिससे आयोग परीक्षा की आवश्यकता और संवेदनशीलता के अनुरूप उपयुक्त केंद्रों का चयन कर सकेंगे। इस प्रणाली की एक और महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि पंजीकरण से लेकर उपस्थिति प्रेषण तक प्रत्येक चरण की जानकारी परीक्षा केंद्रों को स्वतः एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से प्राप्त होती रहेगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र ऑनलाइन माध्यम से अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे, जिससे निगरानी, रिकॉर्ड प्रबंधन और पूरी परीक्षा प्रक्रिया अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बन सकेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
