काशीपुर। नगर क्षेत्र में अमृत योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दावे पाइप लाइन लीकेज के कारण सवालों के घेरे में हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा, जबकि पेयजल सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है।मानपुर रोड स्थित श्री नागनाथ मंदिर के पास पिछले तीन महीने से पाइप लाइन में रिसाव बना हुआ है। वहीं आदर्श नगर में भी करीब पखवाड़े से पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क पर पानी बह रहा है, जिससे गड्ढा बन गया है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर को अमृत योजना के तहत आठ जोन में विभाजित कर करीब 37-24 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल लाइनें बिछाई गई थीं। इसके बावजूद पाइपलाइन में रिसाव के कारण कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी विभाग समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। इस बाबत स्थानीय लोगों के कई बार शिकायत करने के बावजूद लीकेज ठीक नहीं कराया गया है। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता नरेंद्र रिखाड़ी ने बताया कि विभाग में कर्मचारियों की कमी के कारण समस्या के समाधान में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पत्राचार किया गया है और जल्द ही पाइपलाइन का लीकेज ठीक करा दिया जाएगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
