काशीपुर। काशीपुर पुलिस ने युवती ब्लाइंड मर्डर का तीन के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। बता दें कि धनौरी पट्टी, रामनगर रोड पर सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक युवती की हत्या डंपर चालक और उसके साथी ने की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त डंपर, लोहे का हुक, मृतका का मोबाइल, बैग और अन्य सामान बरामद किया है। यहां बतादे की बीती 20 अगस्त की सुबह रामनगर रोड स्थित धनौरी पट्टी क्षेत्र में सड़क किनारे युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्वयं संज्ञान लेते हुए काशीपुर पुलिस को जल्द से जल्द ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने के निर्देश दिए। 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली पुलिस ने जांच के दौरान मृतका के घर से घटनास्थल तक जाने वाले संभावित रास्तों को चिन्हित किया और करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण के दौरान चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड और केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जा रहे एक डंपर की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
इसके बाद पुलिस ने डंपर संख्या UK15CA-1437 को जांच के दायरे में लिया।
पुलिस ने अपनी बारीकी जांच के चलते मोबाइल लोकेशन और सीडीआर से कड़ियां खोल दी। पुलिस ने मृतका समेत संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर और लोकेशन का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि घटना से कुछ समय पहले मृतका की लोकेशन चैती मैदान के पास थी। 20 अगस्त की सुबह करीब 4:35 बजे मृतका ने चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे करीब तीन मिनट बाद कैंसिल कर दिया गया। इसके बाद उसका मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार मोबाइल फ्लाइट मोड में था। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज को आपस में जोड़ते हुए पुलिस संदिग्ध डंपर तक पहुंच गई।
डंपर मालिक से पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि घटना के समय डंपर कचनालगुसाई निवासी राजू पुत्र ललित चला रहा था और उसके साथ सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, मौजूद था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जबरदस्ती का प्रयास करने का आरोप, विरोध पर हत्या करना भी कबूल किया। पुलिस के अनुसार राजू ने पूछताछ में बताया कि 20 अगस्त की सुबह वह अपने साथी सुमित के साथ डंपर से खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। चैती मैदान के पास एक युवती ने डंपर रुकवाया और उसमें बैठ गई।
कुछ दूरी आगे जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और स्वयं युवती के पास बैठ गया। पुलिस के मुताबिक सुनसान स्थान पर राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती ने विरोध करते हुए पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इसी दौरान युवती ने राजू के हाथ में दांत काट लिया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद राजू ने डंपर में रखे लोहे के हुक से युवती के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी डंपर के अंदर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और डंपर लेकर क्रेशर की ओर चले गए।
मोबाइल को सड़क पर रखकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद मृतका का मोबाइल डंपर में ही रह गया था। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया, ताकि जांच की दिशा दूसरी ओर जा सके। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना की कड़ियां जोड़ लीं। पुलिस को डंपर से मिला कथित आला कत्ल और मृतका का सामान
जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर को कब्जे में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डंपर के अंदर से लोहे का हुक बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल बताया है। इसके अलावा मृतका का बैग भी बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले।
पुलिस ने मामले में डंपर संख्या UK15CA-1437, लोहे का हुक, मृतका का मोबाइल फोन, बैग, दस्तावेज और आरोपियों के कपड़े बरामद किए हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सकता। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। और उसे बक्शा नहीं जाएगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
