पंजाबी गौरव सम्मेलन में सीएम धामी ने सराहा सिख समाज का योगदान, कहा- तराई के विकास में निभाई अहम भूमिका

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। इस दौरान सिख समाज की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी गौरव सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पंजाबी समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति, संस्कार, साहस, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति का जीवंत परिचय है। उन्होंने सिख गुरुओं की महान परंपरा को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा कि गुरु साहिबान का जीवन समाज को अन्याय के सामने मजबूती से खड़े होने, जरूरतमंदों की सेवा करने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख परंपरा वास्तव में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने वाली मिसाल है।

उन्होंने कहा कि पंजाबी और सिख समाज ने अपनी मेहनत, ईमानदारी और उद्यमशीलता के बल पर देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सीमा पर राष्ट्र की रक्षा से लेकर खेतों में अन्न उत्पादन, उद्योग-व्यापार और प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत एवं सेवा कार्यों तक समाज ने हमेशा बढ़-चढ़कर योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की आस्था, त्याग और गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय सम्मान के साथ आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर के निर्माण, लंगर को विभिन्न करों से मुक्त किए जाने, श्री हरमंदिर साहिब को विदेशी अंशदान की अनुमति मिलने, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की 350वीं जयंती के भव्य आयोजन तथा साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में वीर बाल दिवस घोषित किए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूपों को सुरक्षित भारत लाने और 1984 के सिख विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों को न्याय एवं सम्मान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड और सिख समाज के बीच गहरे आध्यात्मिक एवं भावनात्मक संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र चरण उत्तराखंड की धरती पर पड़े हैं और हेमकुंड साहिब तथा रीठा साहिब जैसे धार्मिक स्थल देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ रहा है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं के लिए तीर्थयात्रा अधिक सुगम होगी तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान पीड़ित लोगों की स्मृति को संजोने के लिए ‘विभाजन विभीषिका स्मृति स्थल’ के निर्माण की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने राज्य में धर्मांतरण और दंगा विरोधी कानूनों को सख्त किए जाने तथा मदरसा बोर्ड के स्थान पर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के गठन का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में ऐसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिनसे विभिन्न समुदायों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिल सके। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वह सिख गुरुओं के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए मेहनत, अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़े तथा आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और गौरवशाली विरासत से भी जुड़ी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकसित उत्तराखंड का निर्माण करना नहीं, बल्कि ऐसा प्रदेश तैयार करना है जहां विकास के साथ विरासत का सम्मान, आधुनिकता के साथ संस्कार और प्रगति के साथ सामाजिक समरसता भी कायम रहे। उन्होंने तराई क्षेत्र के विकास और बसावट में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के योगदान को भी याद किया तथा उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सिख समाज ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और भविष्य में भी देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए सभी वर्गों को मिलकर आगे बढ़ना होगा। सम्मेलन में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उत्तर प्रदेश के मंत्री बलदेव सिंह औलख, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, विधायक त्रिलोक चीमा, अरविंद पांडे, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, मंजीत सिंह राजू, सुरेंद्र नामधारी, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, तरुण बंसल, खिलेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, डॉ. प्रेम सिंह राणा, गुरविंदर सिंह चंदोक, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment