ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से पंचम बाल विधानसभा–2026 के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसी क्रम में ऊधम सिंह नगर आपदा प्राधिकरण के सभागार में आयोग के सदस्य श्री योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बाल विधायकों के चयन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, बाल कल्याण समिति सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से जनपद में अब तक हुई चयन प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली गई। श्री रजवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल विधायकों के चयन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाए तथा अधिक से अधिक पात्र और प्रतिभाशाली बच्चों को इसमें भाग लेने का अवसर मिले। आयोग के अनुसार पंचम बाल विधानसभा में प्रदेश के सभी 13 जनपदों से 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के कुल 70 बाल विधायकों का चयन किया जाना है। इसके लिए निबंध प्रतियोगिता को माध्यम बनाया गया है, जिसके जरिए बच्चों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण तथा बच्चों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और समझ अभिव्यक्त करने का अवसर दिया जा रहा है। विद्यालय स्तर से प्राप्त निबंधों की जांच एवं मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयन के दौरान बच्चों की प्रतिभा, जागरूकता, अभिव्यक्ति क्षमता तथा बाल अधिकारों से संबंधित उनकी समझ को प्रमुख आधार बनाया जा रहा है। बैठक में जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर श्री हरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती व्योमा जैन, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती रत्नेश सिंह सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री योगेश सिंह रजवार ने कहा कि बाल विधानसभा बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को नजदीक से समझने, अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराती है। उन्होंने अधिकारियों से चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचते हुए इसे पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने तथा योग्य बच्चों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
