उत्तरकाशी में 40 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, 40 ने यात्रा जारी रखने की जताई इच्छा

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में फंसे 136 ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स में से 40 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से इनकार करते हुए अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है। शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार सुबह 6 बजे से दोबारा शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से सीधे बात कर मौके की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए सुबह से रेस्क्यू टीमों को फिर सक्रिय किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू टीमों को सभी आवश्यक संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराने तथा पूरे ऑपरेशन की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। रेस्क्यू अभियान के लिए कुल आठ हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं और मौसम अनुकूल होते ही हवाई संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी ट्रैकर या माउंटेनियर की तबीयत बिगड़ने की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रैकर्स, माउंटेनियर्स और पोर्टर्स की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करें और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें। रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा के साथ मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और बढ़ते धार्मिक एवं पर्यटन दबाव के बीच कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने चारधाम समेत प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के लिए लॉन्ग टर्म सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधा भी सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों के अनुसार प्रदेश के दो हाई एल्टीट्यूड क्षेत्रों में कुल 179 ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के फंसे होने की जानकारी मिली थी, जिनमें उत्तरकाशी में 136 और बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में 43 लोग शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता हो और मौसम एवं भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार उपलब्ध संसाधनों का तत्काल इस्तेमाल किया जाए।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment