देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के साथ अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए राज्य की विकास यात्रा की सराहना की। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि कुछ वर्ष पूर्व बाबा केदारनाथ के चरणों में उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा और आज प्रदेशवासियों का परिश्रम, समर्पण एवं संकल्प इस विश्वास को साकार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समान विकास के लिए कार्य कर रही है। पिछले एक दशक में प्रदेश की कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे में व्यापक विस्तार हुआ है, जिससे कभी दुर्गम माने जाने वाले क्षेत्र भी बेहतर सुविधाओं और विकास से जुड़ रहे हैं। उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 890 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। वहीं, 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण कार्य जारी है तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है। इसके अलावा देहरादून एयरपोर्ट के विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के संचालन और पंतनगर एयरपोर्ट के विकास से प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से संचालित मास्टर प्लान के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने सीमावर्ती गांवों को देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का प्रतीक बताते हुए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से वहां पर्यटन, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं और हजारों होमस्टे के माध्यम से स्थानीय परिवारों की आय के नए स्रोत विकसित हुए हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन बनाए रखने की अपेक्षा जताई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड को देश का सांस्कृतिक हृदय बताते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देवभूमि की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य की प्रगति की कामना की। वहीं, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
