विजय दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित गांधी पार्क के युद्ध स्मारक पर पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित किया और राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस गरिमामय कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, राजपुर रोड विधायक खजान दास, कैंट विधायक सविता कपूर के साथ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सैन्य परिवार और नागरिक मौजूद रहे। श्रद्धांजलि समारोह के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि सैनिकों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य और राष्ट्रभक्ति की पहचान है, क्योंकि शहीद की न कोई जाति होती है और न ही कोई धर्म—वह केवल तिरंगे की शान और देश की एकता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है, जहां से निकले सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सदैव अदम्य साहस, अनुशासन और बलिदान का परिचय दिया है। मंत्री जोशी ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है और उनके सम्मान, सुविधाओं एवं अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण और प्रभावी निर्णय लागू किए गए हैं, ताकि राष्ट्र की सेवा करने वाले जवानों और उनके परिवारों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
