7 से 13 अक्टूबर तक श्रीनगर गढ़वाल में सहकारिता मेला, किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को होगा लाभ


श्रीनगर गढ़वाल। सहकारिता विभाग द्वारा आगामी 7 से 13 अक्टूबर तक श्रीनगर गढ़वाल में सहकारिता मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस सात दिवसीय मेले का मुख्य उद्देश्य सहकारी समितियों एवं संस्थाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना और उपभोक्ताओं को उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण सामान उपलब्ध कराना है।

मंगलवार को आयोजित बैठक में मेले की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं का कहना था कि इस तरह के आयोजन से स्थानीय किसानों, बागवानों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन का सीधा अवसर मिलेगा। इससे किसानों को बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा।

यूसीएफ के निवर्तमान अध्यक्ष मातबर सिंह रावत ने कहा कि मेले में सहकारी समितियों की ओर से तैयार किए गए विविध उत्पाद उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें खाद्य सामग्री, मसाले, हस्तशिल्प, डेयरी उत्पाद, शहद और अन्य स्थानीय उत्पाद शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि विभाग का लक्ष्य है कि जिले में सहकारी आंदोलन को मजबूत कर किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मेले में विभिन्न सहकारी संस्थाएं स्टॉल लगाएंगी। इसके साथ ही खरीदारों के लिए विशेष रियायती दरों पर सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल से जहां किसानों और उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं उपभोक्ताओं को भी गुणवत्तापूर्ण सामान सस्ती दरों पर मिलेगा।

वक्ताओं का मानना है कि इस तरह के मेले सहकारी आंदोलन को नई दिशा देने का काम करते हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में मजबूती आती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।


Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment