काशीपुर। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती से पूर्व पंत जयंती समारोह समिति की टीम ने स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त न मिलने पर समिति पदाधिकारियों ने रोष जताया। समिति संयोजक दिलीप मेहरोत्रा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 10 सितंबर को पार्क में पंत जयंती समारोह आयोजित किया जाता है। आयोजन से पूर्व प्रशासन से व्यवस्थाएं चौकस रऽने का आग्रह किया जाता है, लेकिन खेद का विषय है कि व्यवस्थाएं केवल आयोजन से एक-दो दिन पहले ही दुरुस्त की जाती हैं। वर्षभर पार्क में अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहता है। फव्वारे में व्याप्त गंदगी इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में नवनिर्मित फव्वारे की तर्ज पर पंत पार्क का फव्वारा भी सुचारू रूप से संचालित होना चाहिए। लगातार आग्रह के बावजूद पार्क में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे असामाजिक तत्व अपने मंसूबों को अंजाम देने में कामयाब रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को इस बार भी जिलाधिकारी के समक्ष गंभीरता से रखा जाएगा।समिति महामंत्री गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि माल्यार्पण के दौरान होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रशासन को पंत जी की प्रतिमा के चारों ओर ग्रिल लगानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान समिति के सहसंयोजक एमएस रावत, चंद्र भूषण डोभाल, साबिर हुसैन, नीरज यादव, सहसंयोजक अनिल रावत आदि समिति से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
