रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों से उत्तराखंड के विकास और भविष्य को लेकर सुझाव लेते हुए कहा कि राज्य को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। रुद्रपुर स्थित जेपीएस स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 800 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से चयनित 15 विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री ने सीधे संवाद किया और उनके विचारों को सुना। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को राज्य की विकास प्रक्रिया तथा सरकार की नीतियों से जोड़ना था। मुख्यमंत्री धामी ने छात्रों से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने, पर्यटन के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, पर्यावरण संरक्षण, पलायन की समस्या को रोकने तथा तकनीक के प्रभावी उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर सुझाव मांगे। विद्यार्थियों ने भी अपने विचारों के माध्यम से उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और बेहतर राज्य बनाने को लेकर अपनी सोच मुख्यमंत्री के सामने रखी। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री धामी ने छोटे बच्चों से भी मुलाकात की और उनसे बातचीत करते हुए हाथ मिलाया तथा उन्हें चॉकलेट दी। इस दौरान कुछ बच्चों ने मुख्यमंत्री को राखी भी बांधी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के युवा केवल सरकारी योजनाओं के लाभार्थी बनकर न रहें, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य और नीति निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक विचारों को उचित अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और उनके सुझाव राज्य के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को की गई थी, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सपनों के उत्तराखंड की तस्वीर और राज्य के विकास को लेकर अपने विचार सामने रखने का अवसर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान के ऑनलाइन पोर्टल पर अब तक उत्तराखंड के विकास को लेकर 2.67 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों का अभियान से जुड़ना यह दर्शाता है कि प्रदेश की युवा पीढ़ी अपने राज्य के भविष्य को लेकर गंभीर है और विकास की प्रक्रिया में योगदान देने की इच्छुक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से प्राप्त सुझाव सरकार के लिए महत्वपूर्ण हैं और इन विचारों के आधार पर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने तथा योजनाओं को और प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा नई नीतियों और योजनाओं पर लगातार किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति में अपार क्षमता है, जिसे सही अवसर और मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्यों के प्रति गंभीर रहने और राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के जरिए सरकार की ओर से युवाओं की सोच को सीधे विकास की प्राथमिकताओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है और रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी ने इस पहल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
