मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी, केदारनाथ धाम में मूसलाधार बारिश

देहरादून। ‘नौतपा’ की शुरुआत से ठीक पहले उत्तराखंड में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर राज्य के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से लोगों का हाल बेहाल है, वहीं दूसरी ओर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अचानक करवट ले रहा है। रुद्रप्रयाग जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में शुक्रवार को अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया।केदारनाथ धाम में आसमान पर काले बादलों ने डेरा डालते ही जोरदार बारिश शुरू हो गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पहले ही पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था, जो सही साबित हुआ। धाम में पिछले डेढ़ घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश जारी है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।तेज बारिश और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिली। देश-विदेश से पहुंचे बाबा केदार के भक्त बारिश के बीच लंबी कतारों में खड़े होकर दर्शन का इंतजार करते नजर आए। श्रद्धालु लगातार खराब मौसम के बावजूद बाबा केदार के दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए उत्साह के साथ यात्रा कर रहे हैं।वहीं मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने और बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment