कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार पहुंचे मंत्री राम सिंह कैड़ा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर दिया जोर

हरिद्वार। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करते हुए विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। सीसीआर भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कुंभ मेले से संबंधित अवस्थापना विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा तैयारियों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि देश और विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों, पुलों, घाटों, पार्किंग स्थलों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी समय रहते मजबूत किया जाए। मंत्री ने आगामी मानसून को देखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के दौरान कार्य प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए वर्तमान समय का अधिकतम उपयोग करते हुए परियोजनाओं को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना में तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य कोई बाधा आती है तो उसे तत्काल शासन के संज्ञान में लाकर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। राम सिंह कैड़ा ने गंगा नहर पर निर्माणाधीन घाटों के कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री से वार्ता कर क्लोजर अवधि बढ़ाने हेतु आवश्यक सहयोग लेने की बात भी कही। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला-2027 से संबंधित स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी कार्यों के लिए स्पष्ट समयसीमा निर्धारित की गई है तथा उनकी नियमित निगरानी और समीक्षा की जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि निर्माणाधीन घाटों के कार्य समय पर पूरे कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन को गंगा नहर की क्लोजर अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार ने कुंभ मेला-2027 के लिए शंकराचार्यों को सादर आमंत्रित किया है तथा सभी अखाड़ों, आश्रमों और धार्मिक संस्थाओं के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उनके सुझाव और मार्गदर्शन प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज और अखाड़ों का सहयोग मेले के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अपने हरिद्वार दौरे के दौरान मंत्री ने सीसीआर-2 भवन तथा एडमिन रोड के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य ऐसा कुंभ मेला आयोजित करना है जिससे हर श्रद्धालु सकारात्मक अनुभव लेकर लौटे और देश-दुनिया में उत्तराखंड तथा हरिद्वार की उत्कृष्ट छवि स्थापित हो।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment