रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हाईटेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने आधुनिक खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया, ट्रेडमिल पर दौड़ लगाई और जिम में व्यायाम कर खिलाड़ियों को फिटनेस का संदेश दिया।लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने कॉम्प्लेक्स में मौजूद खिलाड़ियों और बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए उत्कृष्ट वातावरण उपलब्ध हो सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि खेलभूमि के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पूरे देश में राज्य का गौरव बढ़ाया है, जो प्रदेश के खेल विकास और खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल अवसंरचना को मजबूत करना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
