मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने काशीपुर में विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कार्य में तेजी लाने के निर्देश

काशीपुर। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने एक दिवसीय काशीपुर दौरे के दौरान सिडकुल क्षेत्र में निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) पार्क, एस्कॉर्ट फार्म स्थित सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय, हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ भूमि, काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा काशीपुर बाईपास रिंग रोड परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल ने बताया कि 133 एकड़ में विकसित किए जा रहे ईएमसी पार्क में कुल 56 प्लॉट हैं, जिनमें से 22 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष प्लॉटों के लिए निवेशकों की पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि 177 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना को पूरा करने के लिए 45 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की मांग शासन को भेजी गई है। धनराशि प्राप्त होते ही शेष कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा। इस दौरान मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधारोपण भी किया।इसके बाद मुख्य सचिव ने सिडकुल की हेमपुर नेपा फार्म स्थित 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर उसके प्रस्तावित उपयोग और विकास योजनाओं की जानकारी ली।मुख्य सचिव ने काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रस्तावित काशीपुर बाईपास रिंग रोड का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ने बताया कि 18.26 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का निर्माण लगभग 494.45 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। परियोजना का टेंडर जारी हो चुका है, भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा वितरण की प्रक्रिया चल रही है तथा वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। आवश्यक स्वीकृतियां मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में तेजी लाने, लंबित औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार, अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग हरीश पंगती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment