काशीपुर। इस बरसाती मौसम में बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तहसील प्रशासन ने क्षेत्र में आठ बाढ़ चौकियां स्थापित की हैं। ये चौकियां 30 जून से अगले आदेशों तक 24 घंटे संचालित रहेंगी। प्रत्येक चौकी से प्रतिदिन की स्थिति रिपोर्ट तहसील काशीपुर में स्थापित बाढ़ नियंत्रण कक्ष को भेजी जाएगी।तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि ढेला नदी, कोसी नदी और अर्जुन नाले के किनारे बसे गांवों में वर्षा के दौरान बाढ़ का खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए राजस्व विभाग, पुलिस, पशुपालन विभाग, विद्युत विभाग, रोजगार सेवकों तथा ग्राम प्रहरियों की तैनाती बाढ़ चौकियों पर की गई है। संबंधित क्षेत्र के लेखपाल को प्रत्येक चौकी का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक चौकी पर एक रजिस्टर रऽा जाएगा, जिसमें बाढ़ से संबंधित सभी घटनाओं, प्राप्त सूचनाओं और की गई कार्रवाई का विवरण दर्ज किया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निरीक्षण के दौरान यह रजिस्टर प्रस्तुत किया जाएगा तथा निरीक्षणकर्ता अपनी टिप्पणियां भी दर्ज करेंगे। चौकियों पर तैनात सभी कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखने और अधिकारियों के लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं।स्थापित की गई बाढ़ चौकियों में मिस्सरवाला, ओझान-लक्ष्मीपुर पट्टी मानपुर, दभौरा मुस्तहकम, ढकिया गुलाबो, ढकिया कला, गांधीनगर और किलावली शामिल हैं। इन चौकियों के माध्यम से बैलजूड़ी, लक्ष्मीपुर पट्टी, कचनाल गाजी, पट्टी हरु, दभौरा एहतमाली, ढकिया गुलाबो, रायपुर खुर्द, सरवरखेड़ा, जगन्नाथपुर, गुलड़िया, बांसखेड़ा खुर्द, ढकिया कला, गांधीनगर और किलावली सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
