चंपावत में 60 करोड़ की शारदा तटबंध परियोजना का शुभारंभ, सीएम धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से शारदा तटबंध निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए कहा कि चंपावत और टनकपुर में हो रहे तेज विकास कार्यों से कुछ लोगों की नींद उड़ गई है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक सत्ता का लाभ उठाया, उन्होंने विकास के बजाय अपनी जेबें भरने का काम किया। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता को भुला दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जनता के टैक्स का पैसा विकास कार्यों के बजाय कुछ लोगों के हितों में खर्च होता था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें जनता के प्रत्येक रुपये का उपयोग विकास कार्यों में कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि नीयत साफ हो तो विकास के कार्य धरातल पर दिखाई देते हैं और इसका प्रमाण आज उत्तराखंड में तेजी से हो रहा विकास है। बूम रेंज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चंपावत की जनता के बीच मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के रूप में आते हैं और जनता का स्नेह, विश्वास तथा सहयोग ही उन्हें प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि टनकपुर केवल चंपावत जनपद का प्रवेश द्वार ही नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment