रामनगर। धनगढ़ी पुल के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रामनगर में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कारण पर्यटन सीजन आता है, उसी प्रकार कांग्रेस के लिए केवल चुनाव के समय ही “चुनाव पर्यटन” का सीजन शुरू होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेताओं को उत्तराखंड और यहां की जनता की समस्याएं याद आने लगती हैं, जबकि बाकी समय उनका प्रदेश से कोई सरोकार नहीं रहता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री अब तक 28 बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं और भविष्य के प्रस्तावित दौरों की तैयारियां भी जारी हैं, जो प्रदेश के विकास और देवभूमि के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया उत्तराखंड दौरे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक पार्टी के “युवराज” पंतनगर आए और वापस लौट गए। यदि वे अल्मोड़ा नहीं जा सकते थे तो देहरादून का प्रस्तावित दौरा भी रद्द नहीं करना चाहिए था। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस का उत्तराखंड के प्रति कोई वास्तविक लगाव नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही होंगे और चुनाव आयोग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
