काशीपुर। काशीपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह खेत में गिरी स्विफ्ट कार से एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब सात बजे 112 के माध्यम से प्रतापपुर चौकी पुलिस को सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार खेत के नीचे गिरी हुई है और उसमें एक व्यक्ति मौजूद है, जिसकी मृत्यु होने की आशंका है। सूचना मिलते ही चौकी प्रतापपुर से उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसा प्रतीत होने पर पुलिस ने कार और उसमें मौजूद व्यक्ति को खेत से बाहर निकलवाया।

स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान संजीव कुमार सोहन सिंह निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर एक, कुंडेश्वरी के रूप में की। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। पंचनामा की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जब शव का बारीकी से निरीक्षण किया तो शरीर पर मौजूद चोटें प्रथम दृष्टया हादसे में आई चोटों जैसी प्रतीत नहीं हुईं। चोटों की स्थिति संदिग्ध लगने पर उपनिरीक्षक संजय सिंह ने मामले की जानकारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक को दी। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने तत्काल मोर्चरी पहुंचकर शव का बारीकी से निरीक्षण किया और मामले की जानकारी क्षेत्राधिकारी काशीपुर को दी गई। पुलिस के अनुसार मृतक के गले पर चोट के निशान संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों की जांच के लिए फील्ड यूनिट और एसओजी टीम को भी सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
