सीएम धामी का ऐलान: आपदा प्रभावित व्यापारियों को राहत, मंडी शुल्क का होगा परीक्षण

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों और कारोबारियों को परेशान करने के बजाय उन्हें प्रोत्साहित करने की स्पष्ट नीति के साथ काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में व्यापारियों का उत्पीड़न होता था और कांग्रेस की मानसिकता आज भी वैसी ही है। उद्योगपतियों और कारोबारियों को कठघरे में खड़ा करना तथा उन्हें चोर या देश का दुश्मन बताना इसी सोच को दर्शाता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से आयोजित व्यापारी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों की भूमिका, कारोबार को बढ़ावा देने और सरकार की विभिन्न योजनाओं पर अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों को अलग-अलग करों की जटिलताओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से वर्ष 2015 में लागू किए गए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का भी विरोध किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने व्यापारियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकार ने व्यापारियों को विकास का भागीदार मानते हुए उन्हें देश की आर्थिक प्रगति से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है और व्यापारी देश की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ रोजगार के अवसर पैदा करने में भी योगदान देते हैं। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को ‘ब्रांड इंडिया’ का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि कारोबार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, ताकि निवेशकों और कारोबारियों को विभिन्न प्रक्रियाओं में सुविधा मिल सके। मंडी शुल्क के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द परीक्षण कराकर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी के नाम पर किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। व्यापारी सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारियों के हित में कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं अथवा अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी। राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का दोबारा पुनर्गठन कर उनकी बैठकें आयोजित कराई जाएंगी, जिससे व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान किया जा सके। इसके साथ ही जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र व्यापारी इस सुविधा के बारे में जागरूक हो सकें। मुख्यमंत्री ने पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को राहत देने के उद्देश्य से पर्यटन कारोबार के पंजीकरण की प्रक्रिया सरल बनाने की बात भी कही। वहीं, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, कारोबार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना और निवेश को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सम्मेलन में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और उनके हित में उठाए जाने वाले कदमों को प्रमुखता से रखा गया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment