काशीपुर। मंगलवार को निकलने वाली महाराजा अग्रसेन की विशाल शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर पायतेवाली रामलीला सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कुमाऊं वैश्य महासभा के संरक्षक एवं प्रसिद्ध उद्योगपति योगेश जिंदल ने वैश्य समाज की सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक चुनौतियों पर चिंता जताते हुए समाज से एकजुट होकर अपने हितों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया। योगेश जिंदल ने कहा कि राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान और आर्थिक सामर्थ्य के बावजूद वैश्य समाज बिखराव का सामना कर रहा है। समाज के युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर पाने के लिए कठिनाइयों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न घटक एक मंच पर आएं और सामूहिक शक्ति का परिचय दें, तभी समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन के सामने उठाया जा सकेगा।शोभा यात्रा संयोजक एवं कुमाऊं वैश्य युवा महासभा के अध्यक्ष प्रियांशु बंसल ने बताया कि शोभा यात्रा को धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। शोभा यात्रा में हनुमान प्रसाद पोद्दार, जैन समाज, स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस, प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती बिश्नोई समाज की झांकी के साथ भगवान कार्तिकेय, माता लक्ष्मी और नीम करौली बाबा की झांकियां शामिल करने की योजना है। अखाड़ा प्रदर्शन, सुसज्जित घोड़े, बैंड-बाजे और धार्मिक धुनें भी आकर्षण बढ़ाएंगी। शोभायात्र के समापन में महाराजा अग्रसेन का भव्य सुसज्जित रथ निकलेगा। महासभा अध्यक्ष एमपी गुप्ता, महामंत्री कपिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष केसी बंसल और शोभा यात्रा संयोजक प्रियांशु बंसल ने वैश्य बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं, वरिष्ठजनों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा नगरवासियों सेसे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों को सजाने तथा कल 13 अक्टूबर को सायं पांच बजे मोहल्ला किला से प्रारंभ होने वाली शोभायात्र में सपरिवार बढ़-चढ़कर भागीदारी कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
