मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया गणना फॉर्म, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में मतदाताओं से सहयोग की अपील

देहरादून। उत्तराखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मंगलवार को सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गणना फॉर्म सौंपा। इस दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन प्रक्रिया को लेकर विस्तार से जानकारी भी दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेशभर में मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत राज्य के सभी पात्र मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आगामी 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करेंगे तथा उनसे प्राप्त जानकारी को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज करेंगे। इससे मतदाता सूची का अद्यतन और सत्यापन कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियान को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मतदाताओं से इसमें सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है तथा प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इस प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। निर्वाचन विभाग ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से गणना फॉर्म भरने और बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment