काशीपुर। एक सप्ताह के भीतर दो हत्याएं होने से नगर क्षेत्र में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है। अभी बीती 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में कार के अंदर से पुलिस ने खून से लथपट शव बरामद किया था, जिसका पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा भी कर दिया, इसके बाद आज धनोरी क्षेत्र में रामनगर रोड के किनारे युवती का शव मिलने से एक बार फिर नगर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।पता चला है कि, धनोरी क्षेत्र में रामनगर रोड के किनारे लोगों ने एक युवती का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मृतका की पहचान 19 वर्षीय कांती पुत्री बुच्ची झा निवासी विशाल नगर जसपुर खुर्द व मूल निवासी दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। युवती की मां बिन्दुल ने बताया कि वह पिछले 22 सालों से यहां किराये पर रहकर लोगों के घरों में झाडू पौछा लगाने का काम करती हैं। उसकी दो पुत्रियां है जिसमें से एक देहरादून में काम करती है। उन्होंने बताया कि कांती रात दस बजे किसी युवक का फोन आने पर घर से निकली थी जिसकी आज सुबह मृत्यु हो गई। सड़क किनारे युवती का शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव सड़क किनारे कैसे पहुंचा, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की उम्मीद है। रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत हत्या के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
