सीएम धामी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, नकल विरोधी कानून और रोजगार को लेकर कांग्रेस को घेरा

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में आयोजित 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। बंदीछोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने भूरि महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि सद्गुरुओं ने अपने जीवन को तिल-तिल समर्पित कर समाज को राष्ट्र की रक्षा और सेवा का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन समाज और राष्ट्र के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहा है और उनके विचारों से समाज को सही दिशा मिलती है। पश्चिम बंगाल में घुसपैठ रोकने और सीमा बंदी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की जनता इसी कारण डबल इंजन वाली भाजपा सरकारों पर भरोसा जता रही है और जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सरकारों को जनता नकार रही है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से लंबित कई योजनाएं अब जमीन पर दिखाई देने लगी हैं और भाजपा सरकार विकास योजनाओं को किसी वर्ग विशेष के आधार पर नहीं, बल्कि सभी वर्गों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ा रही है। राहुल गांधी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कुंठा और हताशा लगातार बढ़ती जा रही है तथा वह अभी तक सामंतवादी सोच से बाहर नहीं निकल पाए हैं। धामी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मन में जन्म से ही सामंतवादी सोच रही है और वह यह मानते हैं कि देश की संसद तथा पूरा देश उनके हिसाब से चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी देश की सत्ता पर अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते थे, आज परिस्थितियां उनके मुताबिक नहीं हैं, जबकि साधारण परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे ले जाने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार देश के हर वर्ग के लिए काम कर रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान लगातार मजबूत हो रही है, जिसके चलते विपक्ष के नेताओं में हताशा दिखाई दे रही है। झारखंड में चल रहे आंदोलन में राहुल गांधी की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर भी मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि ऐसे समय में राहुल गांधी को वहां नहीं जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अलग-अलग स्थानों पर छात्रों को एकत्रित कर रहे हैं। उत्तराखंड के नकल विरोधी कानून को लेकर राहुल गांधी के कथित बयानों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी उत्तराखंड आकर यह कह गए कि प्रदेश में नकल माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई और किसी को जेल नहीं भेजा गया, जबकि वास्तविक स्थिति इससे अलग है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और इसके तहत 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने करीब छह दशक तक देश पर शासन किया, वे युवाओं को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं करा सके, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं के लिए रोजगार और सरकारी सेवाओं में अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें विकास, रोजगार और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही हैं तथा जनता अब विकास और पारदर्शी व्यवस्था को अधिक महत्व दे रही है, जिसका प्रभाव चुनावी परिणामों में भी देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री शनिवार को हरिद्वार पहुंचे थे, जहां उन्होंने सप्तसरोवर क्षेत्र स्थित बंदीछोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में आयोजित 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी तथा पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कार्यक्रम में शामिल होने और विभिन्न मुद्दों पर मीडिया से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री हरिद्वार से देहरादून के लिए रवाना हो गए।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment