खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित कालापुल, नगला तराई में अपने निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर विभिन्न प्रशासनिक और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी गहन जांच की जाए और जहां कहीं अवैध कब्जे पाए जाएं, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की जांच में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित सुनवाई कर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए।मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में मौजूद शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही वक्फ संपत्तियों का पूरा ब्योरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने और उसकी नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि इन संपत्तियों की समय-समय पर जांच भी सुनिश्चित की जाए।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसेवा केंद्रों की जांच कर अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों की पहचान करने को भी कहा।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और वेरिफिकेशन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने सभी जनपदों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए कहा।उन्होंने क्षतिग्रस्त आंतरिक सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
