काशीपुर। एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 13वें अभियुक्त को गिरफ्रतार किया है। एसटीएफ ने काशीपुर में छापेमारी कर पलविन्दर सिंह पुत्र स्वर्गीय धर्मसिंह, निवासी ग्राम कचनालगाजी, काशीपुर को गिरफ्रतार किया। आरोपी के कब्जे से एक -30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक -315 बोर राइफल, दोनों के लिए चार-चार जिंदा कारतूस तथा फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए। जांच में खुलासा हुआ कि एक ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस नंबर पर दो कूटरचित लाइसेंस तैयार किए गए थे, जिनके आधार पर दो अलग-अलग हथियार खरीदे गए। एसटीएफ ने इसे एक संगठित फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट का हिस्सा बताया है। एसटीएफ के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। अभियान के तहत अब तक 13 अभियुक्त गिरफ्रतार किए जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान 19 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। एसटीएफ टीम में निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा, कांस्टेबल रवि बोरा, हेड कांस्टेबल चालक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज बवाड़ी, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कनवाल शामिल रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
