मुंबई/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुंबई में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडवासियों के भव्य सम्मेलन में देश-विदेश में बसे उत्तराखंड मूल के लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें राज्य के विकास का महत्वपूर्ण भागीदार बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यसेवक के रूप में अपने पिछले पांच वर्षों की विकास यात्रा, जनसेवा के संकल्प और विकसित उत्तराखंड के विजन को साझा किया। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को जीवंत बनाए रखने वाले प्रवासी उत्तराखंडवासियों के बीच उपस्थित होकर उन्हें विशेष आत्मीयता और गर्व की अनुभूति हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भौगोलिक दूरी चाहे कितनी भी हो, उत्तराखंड और उसके प्रवासी परिवारों के बीच भावनात्मक संबंध हमेशा अटूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडवासी अपनी मेहनत, संस्कार, उपलब्धियों और उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से देश-दुनिया में देवभूमि का गौरव बढ़ा रहे हैं और वे वास्तव में उत्तराखंड के सांस्कृतिक दूत तथा सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी समाज का राज्य के प्रति स्नेह, समर्पण और जुड़ाव उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि यही भावनात्मक रिश्ता नई पीढ़ी को भी अपनी मातृभूमि, संस्कृति, लोक परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा विकसित उत्तराखंड के निर्माण में प्रवासी समाज की भागीदारी भविष्य में और अधिक मजबूत होगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
