उत्तराखंड में अपना बेस बनाने की ऋषभ पंत की इच्छा, सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए सहयोग के निर्देश

देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की उत्तराखंड में अपना बेस बनाने और राज्य से जुड़कर काम करने की इच्छा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी अपील पर संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को ऋषभ पंत से संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पंत ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए उत्तराखंड में जमीन उपलब्ध कराने में मदद की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड में शिफ्ट करना चाहते हैं और अपने राज्य में अपना घर बनाकर पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहते हैं। पंत के अनुसार, वह पिछले करीब तीन वर्षों से उत्तराखंड में जमीन लेने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपने घर के लिए उपयुक्त और रहने योग्य बड़ी जमीन नहीं मिल पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस संबंध में सहायता का अनुरोध करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड से बेहद प्यार करते हैं और अपने राज्य के विकास के लिए काम करना चाहते हैं।ऋषभ पंत की अपील का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया और कहा कि उन्होंने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने पंत की अपनी मातृभूमि के प्रति भावनाओं और उत्तराखंड लौटकर प्रदेश के लिए योगदान देने की इच्छा की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं और वे जल्द ही पंत से संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे। पंत ने अपनी अपील में यह भी कहा था कि यदि सरकार उन्हें जमीन उपहार के रूप में देती है तो यह उनके लिए विशेष सम्मान होगा, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर जमीन खरीदने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह कम से कम उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाना चाहते हैं और अपने राज्य के लिए काम करना चाहते हैं। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद पंत की सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से चर्चा में आई। उस समय पंत श्रीलंका इलेवन के खिलाफ कोलंबो में वार्म-अप मैच खेल रहे थे और विकेटकीपिंग करते भी नजर आए थे। उनके पोस्ट में कुछ स्पेलिंग और ग्रामर संबंधी गलतियों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हुई, लेकिन उनकी अपील का मुख्य उद्देश्य स्पष्ट था कि वह उत्तराखंड में अपना घर बनाकर अपनी मातृभूमि से और अधिक जुड़ना चाहते हैं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment