आजाद समाज पार्टी ने मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

काशीपुर। सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों की उचित भागीदारी को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी की ओर से आज देशव्यापी संपूर्ण भागीदारी आंदोलन के तहत राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में एससी, एसटी व ओबीसी महिलाओं सहित अन्य वंचित वर्गों को शिक्षा, रोजगार, राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में प्रभावी प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में महिला आरक्षण को बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण में कोटे के अंदर कोटा तथा स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़कर उनकी वास्तविक जनसंख्या का वैज्ञानिक एवं पारदर्शी आकलन कराने की मांग की गई। संगठन ने एससी, एसटी और ओबीसी के लिए लोकसभा, विधानसभा, राज्यसभा एवं विधान परिषद में प्रभावी प्रतिनिधित्व, उच्च न्यायपालिका में उचित भागीदारी तथा कॉलेजियम व्यवस्था समाप्त कर उच्च न्यायिक आयोग गठित करने की मांग रखी। सरकारी सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण, सभी बैकलॉग पदों को तत्काल भरने और समूह ‘क’ की भर्तियों में लेटरल एंट्री बंद करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। ज्ञापन में सरकारी ठेकों एवं खरीद में आरक्षण, निजी क्षेत्र में प्रतिनिधित्व, मंडल आयोग की सिफारिशों को पूर्ण रूप से लागू करने, छात्रवासों के निर्माण, मीडिया संस्थानों में वंचित समाज की भागीदारी और सफाईकर्मियों को स्थायी नियुक्ति देने की मांग की गई। साथ ही सीवर व सेप्टिक टैंक की सफाई में मानव प्रवेश पूरी तरह बंद करने, सफाईकर्मी की मृत्यु पर परिवार को 30 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी व पुनर्वास देने की मांग रखी गई। एससी एसटी एक्ट के मामलों में मुआवजा बढ़ाने, एनएफएस के नाम पर अभ्यर्थियों के शोषण पर रोक और अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति नियमित करने समेत कुल 24 मांगें राष्ट्रपति के समक्ष रखी गईं। ज्ञापन देने वालों में महानगर अध्यक्ष डॉ- एमए राहुल, विधानसभा अध्यक्ष संजय कुमार, कुमायूं मण्डल सचिव कपिल कुमार गौतम, रजत गौतम, अभिषेक गौजम, मौ- अजीम, सुहेल, प्रशांत शागर, भोपाल सिंह आदि शामिल रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment