खटीमा। टनकपुर से महाराष्ट्र स्थित पवित्र तख्त श्री हज़ूर साहिब, नांदेड़ के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होने पर सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लोहियाहेड हैलीपेड पर मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड के श्रद्धालुओं, विशेषकर सिख समाज की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसके पूरा होने से अब उत्तराखंड एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को श्री हज़ूर साहिब नांदेड़ की यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुगमता और सुविधा के साथ करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस निर्णय को श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक सुविधाओं से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा बेहतर रेल और परिवहन कनेक्टिविटी विकसित करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। टनकपुर से श्री हज़ूर साहिब, नांदेड़ के लिए सीधी रेल सेवा भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। इस दौरान सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान करते हुए उनके प्रति विश्वास व्यक्त किया और कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में जनभावनाओं का सम्मान करते हुए लगातार जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। इस अवसर पर दर्जा मंत्री रंजीत सिंह नामधारी, मनजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, हरबंजन सिंह खिंडा, जोगा सिंह रंधावा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सतीश भट्ट, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
