फर्जी हेली टिकट बुकिंग के नाम पर श्रद्धालु से पांच लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी हेली टिकट बुकिंग का झांसा देकर एक श्रद्धालु से करीब पांच लाख रुपये की ठगी की थी। आरोपी की पहचान शीशमबाड़ा, शेरपुर देहरादून निवासी राहुल थापा के रूप में हुई है। मामले में पुणे, महाराष्ट्र निवासी करण गुजराल ने कोतवाली गुप्तकाशी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी पुलिस को दी थी। जांच के दौरान सामने आया कि राहुल थापा ने पैसों के लालच में श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की। पुलिस ने आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी, चमोली भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक संबंधी दस्तावेजों की पुलिस जांच कर रही है। पूछताछ में सामने आए होटल संचालकों और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अगस्त में कोतवाली गुप्तकाशी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी फाटा उपनिरीक्षक दिनेश सती और मुख्य आरक्षी जयप्रकाश शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment