काशीपुर। एक फैक्टरी में सोलर प्लांट लगाने के दौरान फाइबर शीट की छत से गिरकर 30 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पैगा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पता चला है कि, उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी सद्दाम (30) काशीपुर के ग्राम धीमरखेड़ा में किराये के मकान में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। वह महुआखेड़ागंज स्थित एक फैक्टरी में सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनी के साथ काम करने गया था। बताया जाता है कि काम के दौरान अचानक उसका पैर फैक्टरी परिसर में बनी फाइबर शीट की छत पर पड़ गया। शीट पर संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही फैक्टरी कर्मियों में हड़कंप मच गया। किसी कर्मचारी ने पैगा पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दी। मृतक के ससुर अफसर अली ने बताया कि उनकी बेटी फातिमा का निकाह सद्दाम से हुआ था। दंपती पिछले करीब दो वर्षों से ग्राम धीमरखेड़ा में किराये के मकान में रह रहा था। सद्दाम अपने पीछे पत्नी फातिमा, चार वर्षीय बेटे तहजीम और डेढ़ वर्षीय बेटी सुमैयरा समेत परिवार को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
