विवाहिता की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

काशीपुर। एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घरेलू विवाद के दौरान तीसरी मंजिल से नीचे फेंककर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। बाजपुर रोड स्थित ग्राम कुंडेश्वरा में आलू फैक्ट्री के पास रहने वाला शिशुपाल पुत्र बीरभान सिंह कैटरिंग के काम में मजदूरी करता है। वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपने परिवार से अलग किराये के मकान में रह रहा था। मृतका के भाई, ग्राम शेरपुर बहलीन, शरीफनगर निवासी विपुल (ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद) ने बताया कि उनकी बहन रूबी सिंह (35) की शादी करीब 13 वर्ष पहले डिलारी, मुरादाबाद निवासी शिशुपाल से हुई थी। दोनों का चार वर्षीय बेटा तन्मय सिंह है। विपुल का आरोप है कि शादी के बाद से ही शिशुपाल दहेज को लेकर रूबी के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप है कि वह पहले भी कई बार रूबी का गला घोंटने की कोशिश कर चुका था। पति की कथित प्रताड़ना के चलते मायके वाले रूबी की आर्थिक मदद भी करते थे और उसके खर्च के लिए पैसे भेजते रहते थे।परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10ः30 बजे घरेलू विवाद के दौरान शिशुपाल ने रूबी को मकान की तीसरी मंजिल की छत से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल रूबी को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की सूचना रात करीब 12 बजे मिली। सूचना मिलने पर वे मुरादाबाद रोड स्थित एक अस्पताल पहुंचे, जहां रूबी को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसका बहनोई शराब पीने का आदी है और लंबे समय से दहेज को लेकर रूबी को परेशान कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जबकि मृतका के पति शिशुपाल का कहना है कि उसका किसी हरिद्वार के व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसका उसने कई बार विरोध किया, उसने बताया कि इस विषय में एक हफ्ता पूर्व मेरे ससुराल वालों ने आकर उसको समझाकर गए थे लेकिन वह नहीं मानी और उसने छत से गिरकर आत्महत्या कर ली।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment