काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, काशीपुर में प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रकोष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आहवान किया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी, जिला अध्यक्ष मनोज पाल, जिला प्रभारी पुष्कर काला, सह प्रभारी भारत भूषण चुग, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा तथा मेयर दीपक बाली सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला में व्यवसायिक, व्यापार, आर्थिक, सहकारिता और खेलकूद प्रकोष्ठों के प्रदेश एवं जिला संयोजक व सह-संयोजकों ने भी भाग लिया। अपने संबोधन में महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ केवल राजनीतिक कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रबुद्ध वर्ग, विषय विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी लोगों को संगठन से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों से समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आहवान किया।बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ को बूथ स्तर तक सक्रिय होकर संगठन को मजबूत बनाने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अभी से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आहवान किया। कार्यशाला का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
