हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ 25 वर्षों तक राष्ट्र सेवा करते हुए देश के विकास और जनकल्याण को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिली है और राज्य के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयासों को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 2.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सोमवार को कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल की उपलब्धि पर उनके दीर्घायु होने की कामना करते हुए हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन किया। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव रहा है। प्रधानमंत्री के रूप में वह अब तक 28 से अधिक बार उत्तराखंड का भ्रमण कर चुके हैं, जो प्रदेश के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यहां तक कि राज्य की पारंपरिक ब्रह्मकमल टोपी को भी वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के हर वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गई हैं। बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर बजट को दो लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12 लाख करोड़ रुपये किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया गया, जबकि जन-धन योजना के जरिए गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का काम किया गया। मुख्यमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक और वन रैंक वन पेंशन जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में विकास, सुरक्षा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के प्रयास लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
